कबीरधामकवर्धाछत्तीसगढ़

सुशासन तिहार 2026: पंडरिया के वनांचल में पहुँचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, जनसंवाद और विकास कार्यों की दी सौगात

लोखान और कमराखोल में जनचौपाल, पीएम आवास हितग्राहियों को गृह प्रवेश, महतारी सदन सहित कई घोषणाएं

कबीरधाम :- “जनता के द्वार, सुशासन की सरकार” के संकल्प के साथ आयोजित सुशासन तिहार 2026 के तहत छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्र में दौरा रहा। इस दौरान उन्होंने लोखान और कमराखोल गांवों में पहुंचकर न सिर्फ विकास कार्यों का जायजा लिया, बल्कि आम जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।

मुख्यमंत्री साय का आगमन कुई-कुकदुर हेलीपैड पर हुआ, जहां जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने ग्राम लोखान में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन पंचायत भवन का निरीक्षण किया और स्वयं ईंट जोड़ाई कर निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने श्रमिकों के साथ बैठकर पारंपरिक अंगाकर रोटी और बोरे बासी का भी आनंद लिया, जिससे कार्यक्रम में सादगी और जनसरोकार की झलक दिखी।

इसके पश्चात ग्राम कमराखोल में आयोजित जनचौपाल में मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया। साथ ही उन्होंने महतारी सदन की स्थापना सहित विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं, लखपति दीदीयों और शासन की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से भी मुलाकात कर संवाद किया। उन्होंने पीएम आवास योजना के तहत निर्माणाधीन मकानों का निरीक्षण कर गुणवत्ता और प्रगति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जनसेवा और जवाबदेही का सशक्त माध्यम है। इसका उद्देश्य हर नागरिक तक त्वरित समाधान पहुंचाना और विकास को नई दिशा देना है।

इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button