
कबीरधाम :- जिले आगामी दीपावली त्यौहार को देखते हुए आम नागरिकों को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, जिला कबीरधाम द्वारा सघन जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अक्टूबर माह में कुल 12 खाद्य नमूने संकलित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
इसी क्रम में 03 अक्टूबर 2026 को अभिहित अधिकारी मुकेश साहू के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे एवं फणीभूषण जायसवाल द्वारा विकासखंड बोड़ला क्षेत्र स्थित मेसर्स बिकानेर स्वीट्स का निरीक्षण किया गया। यहां से कलाकंद तथा मेसर्स सतनाम किराना स्टोर्स से मैदा एवं बेसन के कुल 03 विधिक खाद्य नमूने जांच के लिए संकलित किए गए।
इसी प्रकार 04 अक्टूबर 2026 को CM हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायत के आधार पर लोहारा रोड स्थित मेसर्स बादशाह दा ढाबा का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान से पनीर एवं वेज ग्रेवी के कुल 02 विधिक खाद्य नमूने संकलित कर जांच के लिए भेजे गए।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य सामग्री को ढककर रखने, एक्सपायरी एवं कालातीत खाद्य पदार्थों का विक्रय अथवा भंडारण नहीं करने तथा खाद्य अनुज्ञप्ति एवं पंजीयन को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्यौहार के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में जांच एवं प्रवर्तन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।










