पंडरिया के सरैहा गांव में वर्षों पुराना बांध फूटा, सैकड़ों एकड़ फसल प्रभावित होने की आशंका

कबीरधाम :- पंडरिया मे लगातार हो रही बारिश के बीच पंडरिया क्षेत्र के ग्राम सरैहा में वर्षों पुराना बांध अचानक फूट गया। बांध का मिट्टी वाला हिस्सा बह जाने से देखते ही देखते बड़ी मात्रा में पानी बाहर निकल गया। इससे आसपास के खेतों में पानी फैलने और सैकड़ों एकड़ फसल प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि बांध में पहले एक छोटा सा होल हुआ था, जो धीरे-धीरे बड़ा होता गया। लगातार बारिश के कारण मिट्टी कमजोर पड़ने से आखिरकार बांध का एक बड़ा हिस्सा बह गया और बांध का पानी तेजी से बाहर निकलने लगा। पानी बहने से किसानों को भारी नुकसान की आशंका है।
बांध फूटने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इस दौरान कुछ ग्रामीण बांध से निकले पानी में जाल लेकर मछली पकड़ते हुए भी नजर आए।
वर्षों पुराने बांध की समय पर मरम्मत और रखरखाव नहीं होने को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बांध की स्थिति पर ध्यान दिया जाता तो ऐसी स्थिति से बचा जा सकता था।
किसानों ने प्रशासन से बांध फूटने से हुए नुकसान का तत्काल सर्वे और आकलन कराने के साथ प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी जल्द कार्रवाई करता है।










