सूरजपुर में डीईओ का तबादला, शिक्षकों ने बांटी मिठाइयां और फोड़े पटाखे

सूरजपुर :- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से गुरुवार को एक अनोखा दृश्य सामने आया। जिला शिक्षा अधिकारी का ट्रांसफर होते ही शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई। उत्साहित शिक्षकों ने पटाखे चलाए और मिठाई बांटकर जश्न मनाया।
लंबे समय से विवादों में रही थीं डीईओ
सूरजपुर की जिला शिक्षा अधिकारी भारती वर्मा लंबे समय से विवादों में घिरी रहीं। अब उनका तबादला रायपुर कर दिया गया है, जहां वे नई जिम्मेदारी संभालेंगी। उनकी जगह अजय मिश्रा को सूरजपुर का नया डीईओ नियुक्त किया गया है।
शिक्षकों की शिकायतें
जिले के शिक्षकों का कहना था कि भारती वर्मा का व्यवहार तानाशाही और अपमानजनक था। कई बार इसको लेकर शिक्षकों ने जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों और अधिकारियों से शिकायत भी की थी। यहां तक कि सत्ता पक्ष के नेताओं ने भी उनके कार्यशैली पर सवाल उठाए थे।
तबादले के बाद जश्न का माहौल
ट्रांसफर की खबर मिलते ही जिले भर में शिक्षकों ने एक-दूसरे को बधाई दी। कई स्थानों पर मिठाइयां बांटी गईं और पटाखे चलाए गए। शिक्षकों ने इस फैसले के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।










