Gamesकबीरधामकवर्धाछत्तीसगढ़

जूनियर एशिया कप विजेता गीता यादव का कवर्धा में भव्य स्वागत, बाजे-गाजे के साथ निकली अभिनंदन रैली

कबीरधाम :- चीन में आयोजित जूनियर महिला एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाली कवर्धा की बेटी गीता यादव के कवर्धा आगमन पर जोरदार स्वागत किया गया। गीता के शहर पहुंचते ही उनके माता-पिता, सर्व यादव समाज के पदाधिकारियों, युवाओं और बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया।

गीता यादव को ठाकुर देव चौक से बाजे-गाजे के साथ रैली की शक्ल में भारत माता चौक तक ले जाया गया। रैली के दौरान जगह-जगह लोगों ने गीता का फूल-मालाओं से स्वागत किया। आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया गया और भारत माता के जयकारों के साथ गीता का उत्साह बढ़ाया गया।

गीता यादव ने चीन में आयोजित जूनियर एशिया कप के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम की ओर से शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने मेजबान चीन को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस मुकाबले में भारत की ओर से निर्णायक गोल किया गया और टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब हासिल किया।

गीता की इस उपलब्धि से न सिर्फ उनके परिवार और गांव बल्कि पूरे कबीरधाम जिले में खुशी का माहौल है। आर्थिक रूप से साधारण किसान परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करने तक का उनका सफर क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन गया है।

परिजनों और समाज के लोगों ने कहा कि गीता ने अपनी मेहनत, संघर्ष और प्रतिभा के दम पर कवर्धा और छत्तीसगढ़ का नाम देश-दुनिया में रोशन किया है। स्वागत के दौरान गीता के माता-पिता भी भावुक नजर आए और बेटी की उपलब्धि पर गर्व जताया।

भारत माता चौक पर आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में गीता को सम्मानित किया गया। इस दौरान लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि गीता की सफलता से क्षेत्र की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button