
कवर्धा – रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में महिला कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सीमा अनंत के नेतृत्व में कांग्रेस भवन के सामने सिग्नल चौक पर महिलाओं ने चूल्हा जलाकर पकोड़े तले और केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम और मध्यमवर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में हो रही बढ़ोतरी के कारण अब गरीब और मध्यम वर्ग के लिए गैस सिलेंडर भरवाना मुश्किल होता जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने आरोप लगाया कि एक तरफ केंद्र सरकार उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर बांटने का दावा करती है, तो दूसरी तरफ सिलेंडर रिफिल के दाम लगातार बढ़ाए जा रहे हैं। इससे महिलाओं को दोबारा लकड़ी और चूल्हे का सहारा लेना पड़ रहा है।
महिला कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है, जिससे महिला, युवा और आम जनता महंगाई की मार से परेशान हैं। उन्होंने सरकार से गैस सिलेंडर की कीमतों में तत्काल राहत देने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहीं और महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद की।



