घुघरीकला में श्रद्धा और संस्कार के साथ मनाया गया बसंत पंचमी पर्व
माँ सरस्वती की आराधना के साथ बच्चों को मिला प्रेरणादायी मार्गदर्शन

कवर्धा :- शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला घुघरीकला, संकुल पिपरिया में बसंत पंचमी का पर्व ज्ञान, संस्कार और उल्लास के वातावरण में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विद्या की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती कर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों को जिज्ञासा, आत्म-अनुशासन, सीखने की ललक, समय प्रबंधन, एकाग्रता, महत्वपूर्ण सोच तथा चुनौतियों का सामना करने की क्षमता जैसे जीवनोपयोगी मूल्यों पर प्रेरणादायी मार्गदर्शन प्रदान किया। अतिथियों ने कहा कि ये गुण बच्चों को न केवल ज्ञानार्जन में सहायक बनाते हैं, बल्कि उनके चरित्र निर्माण और भविष्य की दिशा तय करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
साथ ही शाला में आयोजित 12 दिवसीय शैक्षिक गतिविधियों में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी गईं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय दुबे संजय दुबे (बीईओ–कवर्धा) ने शाला के सुव्यवस्थित एवं अनुशासित शैक्षिक वातावरण की सराहना करते हुए संपूर्ण शाला परिवार को बधाई दी। उन्होंने बच्चों के लिए न्योता भोजन कराने हेतु अपनी ओर से आर्थिक सहयोग प्रदान कर मानवीय संवेदना का परिचय दिया।
कार्यक्रम का संचालनरूपेश तिवारी द्वारा किया गया, वहीं आभार प्रदर्शन उत्कृष्ट प्रधान पाठक धर्मेन्द्र शर्मा ने किया।
इस अवसर पर एबीईओ अजय चंद्रवंशी, व्याख्याता दिलीप चंद्रवंशी (डाइट कवर्धा), सीएसी महेन्द्र जांगड़े, एसएमसी अध्यक्ष राजेन्द्र साहू, उपाध्यक्ष चैतराम साहू, प्राथमिक शाला अध्यक्ष कोमल नाथ साहू, शाला के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहीं।
बसंत पंचमी का यह आयोजन बच्चों में शिक्षा के प्रति सम्मान, संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता नजर आया।



